द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। 25 अक्तूबर से शुरू हो रहे द्वाराहाट महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पांच दिवसीय इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण वाइस ऑफ द्वाराहाट रहेगा। इसके लिए शीतलापुष्कर मैदान में आडिशन संपन्न हुआ। जिसमें दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं। आयोजक मंडल ने बताया कि इनमें से फाइनल के लिए 28 अक्तूबर को 10 बच्चों का चयन किया जाएगा।
महोत्सव 25 अक्तूबर को शुरू होगा। अपराह्न दो बजे से फैंसी ड्रेस, मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी।
विद्यालयों के सब जूनियर वर्ग के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 26 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से सुलेख, अल्पना, स्पॉट पेंटिंग और अपराह्न दो बजे से सब जूनियर वर्ग के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी दिन डांस प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। 27 को जूनियर वर्ग बुगी-बुगी डांस, सांस्कृतिक संध्या होगी, 28 अक्तूबर को सीनियर वर्ग के सांस्कृतिक कार्यक्रम, बुगी-बुगी डांस और वाइस ऑफ द्वाराहाट प्रतियोगिता होगी। 28 अक्तूबर को ही प्रतियोगिता का फाइनल राउंड शुरू होगा और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।