रानीखेत/द्वाराहाट। अतिवृष्टि के दौरान यहां दूनागिरि के नायल गांव में एक दो मंजिले मकान का एक हिस्सा टूटने से पूरे भवन को खतरा पैदा हो गया है। शुक्रवार की देर शाम कैलाश चंद्र चौधरी के दो मंजिले भवन के अगले हिस्से की ऊपरी छत और निचले हिस्से में स्थित गोशाला ध्वस्त हो गई। एक हिस्सा टूटने से पूरे भवन को खतरा पैदा हो गया है। उप राजस्व निरीक्षक सपना लोहनी ने घटना स्थल का मुआयना कर लिया है। इधर, शुक्रवार की रात्रि यहां खिरखेत में भवन के आगे सूखा विशालकाय पेड़ धराशायी होने से भवन की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे भवन को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। भवन स्वामी प्रकाश जोशी और मुन्ना जोशी की चौखट क्षतिग्रस्त हो गई। भवन स्वामियों ने दीवार को ठीक करने की मांग की है। कहा कि यदि सुरक्षा दीवार ठीक नहीं हुई तो भविष्य में भवन को खतरा उत्पन्न हो जाएगा। बताया गया है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य में पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं।