यूपी के बिजनौर वन प्रभाग के जंगल में झंडीचौड़ निवासी युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों से जानकारी ले
- फोटो : KOTDWAR
कोटद्वार भाबर के झंडीचौड़ से सटे यूपी के बिजनौर वन प्रभाग के घने जंगल में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची कलालघाटी पुलिस ने मामले की जानकारी यूपी के बिजनौर पुलिस को दी। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कलालघाटी चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर की मंडावली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बताया गया कि ये तीनों दोस्त पिकनिक मनाने जंगल गए थे।
कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज कमलेश शर्मा ने बताया कि झंडीचौड़ पूर्वी निवासी युवक संदीप सिंह पंवार (18) पुत्र नयन सिंह मंगलवार को दो साथियों झंडीचौड़ पश्चिमी निवासी हरपाल और राजेंद्र के साथ यूपी के चौड़खत्ता के जंगल में पिकनिक मनाने गए थे। तीनों जशोधरपुर स्थित एक स्टील फैक्ट्री में काम करते हैं। सोमवार को तीनों लोगों को उनकी फैक्ट्री से एडवांस वेतन मिला था। परिजनों और साथियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि तीनों मंगलवार सुबह जंगल के रास्ते यूपी के बिजनौर जिले के चौड़खत्ता गांव पहुंचे। वहां तीनों ने कच्ची शराब पी और कुछ साथ ले आए। लौटते वक्त रास्ते में घने जंगल के बीच उन्होंने फिर से शराब पी और साथ में ले गए खाने को खाया। इस बीच संदीप पंवार की तबियत खराब हो गई। दोस्त हरपाल ने राजेंद्र को गांव जाकर उसके परिजनों को तबियत खराब होने की सूचना देने के लिए कहा, लेकिन राजेंद्र ने किसी को कुछ नहीं बताया और न ही घटनास्थल पर लौटा। बुधवार सुबह साढ़े चार बजे संदीप की घटनास्थल पर मौत हो गई। हरपाल ने गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज कमलेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।