लकड़ी पड़ाव गाड़ीघाट निवासी एक युवक को ऑनलाइन मोबाइल की स्कीम का लालच महंगा पड़ गया। फर्जी कंपनी बनाकर मोबाइल स्कीम का झांसा देकर ठग ने उससे करीब 92 हजार रुपये ठग लिए और मोबाइल भी नहीं दिया। ठग के खिलाफ परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
लकड़ी पड़ाव गाड़ीघाट निवासी नितिन गुप्ता ने बताया कि उसके बेटे अक्षत कुमार ने 15 दिसंबर को एक कंपनी की वेबसाइट पर मोबाइल की स्कीम देखी। आकर्षक स्कीम देखने पर वह लालच में आ गया। उसने कंपनी के माध्यम से ऑनलाइन मोबाइल मंगाने के लिए पंजीकरण कराया। एक दिन बाद कंपनी के एक व्यक्ति ने उसके बेटे से संपर्क किया। कहा कि स्कीम जल्द खत्म हो सकती है, इसलिए जल्दी पैसा डलवाए। बताया कि स्कीम का लाभ लेने के फेर में उनके बेटे ने 16 और 17 दिसंबर को 14 अलग-अलग पेटीएम और गूगल-पे ट्रांजेक्शन के माध्यम से 92 हजार 419 रुपये उसके खाते में जमा करा दिए। पैसा जमा कराने के बाद भी जब मोबाइल नहीं भेजा गया, तो उसे ठगी का एहसास हुआ। बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने ठगी की घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी है। एसआई संदीप शर्मा ने मामले की जांच की जा रही है।