कोटद्वार। पैसेंजर ट्रेन के चालक और गार्ड की सूझबूझ व प्लेटफार्म ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी स्टाफ की तत्परता से ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरे एक युवक की जान बच गई।
कोटद्वार प्लेटफार्म से सुबह 10:05 मिनट पर नजीबाबाद के लिए रवाना हुई पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रेन के गार्ड की प्लेटफार्म पर पैनी निगाह थी। युवक के गिरते ही गार्ड ने वॉकी-टॉकी पर ट्रेन चालक को सूचना दी। ट्रेन ने अभी रफ्तार नहीं पकड़ी थी। चालक ने भी सूझबूझ से तत्काल ट्रेन रोक दिया। युवक का ऊपरी हिस्सा प्लेटफार्म पर औंधे मुंह पड़ा था और शरीर का निचला हिस्सा ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंसा था।
प्लेटफार्म ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी स्टाफ दौड़कर पहुंचा और काफी प्रयास कर युवक को बाहर निकाला। युवक के पांव में काफी चोट लगी थी। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उसका नाम धर्मेंद्र है, वह मूलरूप से कानपुर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार हुलिया और हावभाव देखकर युवक के मानसिक रूप से ठीक नहीं होने का अनुमान हुआ। संवाद