धुमाकोट/कोटद्वार। धुमाकोट-कोटद्वार मार्ग पर शनिवार देर शाम विसकोट बैंड के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चट्टान से जा टकराया और पलट गया। इसमें ट्रैक्टर में सवार एक श्रमिक व चालक घायल हो गए। उन्हें कोटद्वार अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्रमिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक को भर्ती कराया गया है।
उपनिरीक्षक महेशपाल सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे उन्हें फोन से घटना की सूचना मिली कि कोटद्वार मार्ग पर हल्दूखाल से पांच किलोमीटर पहले विसकोट बैंड पर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची।
मौके पर जाकर देखा तो ट्रैक्टर में सवार श्रमिक ताजबर सिंह (28) पुत्र राम सिंह निवासी कोटा महादेव बीरोंखाल और चालक गाड़ीघाट कोटद्वार निवासी रमेश कुमार गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़े थे। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार लाया गया, जहां चिकित्सकों ने ताजबर सिंह को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर चालक रमेश कुमार के पैर में चोट आई है। उसकी हालत में सुधार है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।