निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन अव्यवहारिक ढंग से लगाया गया है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति शासन लगाकर उत्तराखंड के जनमानस की भावनाओं की हत्या की है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोटद्वार के बेस अस्पताल का काम सितंबर तक हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि बेेेस अस्पताल के निर्माण में लगने वाले नौ करोड़ में से सात करोड़ की धनराशि कार्यदाई संस्था को दी गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शेष दो करोड़ रुपये देने की व्यवस्था कर दी गई है। सितंबर तक बेस अस्पताल का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा के लिए डिजीटल एक्सरे मशीन लग चुकी है। एमआरआई मशीन को क्रय करने के लिए आठ करोड़ रुपये का शासनादेश 18 मार्च को जारी करा दिया गया है।
लेजर लाइट के द्वारा पथरी का इलाज करने के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की लीथो मशीन के लिए धन की व्यवस्था की गई है। निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक अप्रैल से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को 1.75 हजार तक ले जाने और सरकारी अस्पतालों में सभी जांच मुफ्त करने की योजना अधूरी रह गई। इन योजनाओं से प्रदेश के 90 फीसदी लोगों को लाभ मिलना था, जिसका उन्हें अफसोस है। इससे पूर्व उन्होंने बेस अस्पताल के निर्माण का निरीक्षण किया। कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में विकास कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाएगा।