रिखणीखाल ब्लाक में ब्रॉडबैंड सेवाएं ठप होने से ब्लॉक मुख्यालय, ई डिस्ट्रिक्ट, मनरेगा का स्वान केंद्र, तहसील सहित सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप हो गया है।
तैड़िया गांव से 50 किमी की दूरी तय कर ब्लाक मुख्यालय रिखणीखाल पहुंचे 85 वर्षीय पूर्व शिक्षक विश्वंभर दत्त ध्यानी ने बताया कि पूरा दिन गुजर गया, लेकिन परिवार रजिस्टर की नकल नहीं मिलने के कारण वे आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन नहीं कर सके। तहसील में भी नेटवर्क नहीं होने के कारण सन्नाटा पसरा हुआ है। खतौनी की नकल समेत अन्य कार्य नहीं होने से लोग ब्रॉडबैंड सेवा को कोस रहे हैं। काम नहीं होने के कारण लोगों का समय और पैसा दोनों ही बर्बाद हो रहे हैं।
दरखास्तीखाल निवासी भूपेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने इस बारे में जिलाधिकारी कार्यालय, बीएसएनएल श्रीनगर और जिला ई-डिस्ट्रिक्ट में फोन किया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से डाकघर, बैंक, स्कूल और बीईओ कार्यालय में भी काम प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया बिनीता ध्यानी ने कहा कि सांसद तीरथ सिंह रावत और अनिल बलूनी समेत केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से क्षेत्र में बदहाल नेटवर्क व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की जा चुकी है। बीएसएनएल के डीजीएम एसएन रेड्डी का कहना है कि रिखणीखाल के कर्तिया और क्वीराली चपड़ेत हेतु चिह्नित टावरों को ओएफसी लाइनों से जोड़ने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है, स्वीकृति मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।