श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से भड़कीं आम पड़ाव, लकड़ी पड़ाव और काशीरामपुर तल्ला की महिला श्रमिकों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। चेतावनी दी है कि जल्द योजनाओं का लाभ नहीं मिला, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
बुधवार को आम पड़ाव, काशीरामपुर तल्ला और लकड़ी पड़ाव की महिला श्रमिक कालाबड़ स्थित श्रम विभाग के कार्यालय पहुंची। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर श्रमिकों ने श्रम विभाग पर उन्हें सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं का लाभ नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। कहा कि उन्होंने 15 श्रमिकों के समूह में सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण लिया था। लेकिन, आज तक उनको सिलाई मशीन नहीं मिली और न ही किसी प्रकार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने सरकार से उन्हें श्रम विभाग के लिए जारी सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
इस अवसर पर अनीता पांडे, उर्मिला भारद्वाज, अनुसुया जोशी, दीपा गुसाईं, अनीता देवी, प्रेमलता रावत, निशा देवी, हेमा जोशी, दीक्षा कुमारी, विनीता देवी, गलिस्ता, नसरीन, वाजिदा, नसीमा, आसिमा, ज्योति आदि मौजूद थे।