कोटद्वार। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आमजन से जुड़ीं विभिन्न समस्याएं लेकर महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से मिला। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर समाधान का आश्वासन दिया।
रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के आवास पर बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। काशीरामपुर क्षेत्र की महिलाएं रजनी देवी, ललिता देवी, सीमा चौहान, अदिति बिंजौला, रश्मि शर्मा, सरिता रावत, बबली नेगी और ललिता कंडवाल ने बताया कि क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन की समस्या बनी हुई है। पाइप लाइन नहीं होने से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पाइप लाइन बनवाने और पानी के कनेक्शन जारी कराने की मांग की। महिलाओं ने बताया कि बिजली के खंभे काफी फासले से लगे हैं। जिससे तार लटके रहते हैं। आंधी आने पर तार टूट जाते हैं। जिससे बिजली गुल होने के साथ ही दुर्घटना का भी डर बना रहता है।
अन्य महिलाओं ने अनूप विहार क्षेत्र में सड़कें टूटी होने, शहर में कई जगहों पर सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने, नालियां चोक होने, कूड़ा समय पर नहीं उठने, बिजली की ट्रिपिंग, आकस्मिक कटौती, पेयजल पाइप लाइनों में लीकेज होने से पानी व्यर्थ बहने और सड़क क्षतिग्रस्त होने समेत कई समस्याएं रखीं। पूर्व मंत्री ने महिलाओं को प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि अगर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ, तो वे जनता के साथ आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए भी तैयार हैं।