कोटद्वार। निजी लैब से कराई गई जांच में डेंगू के लक्षणों की पुष्टि होने पर पीड़ित को बेस अस्पताल ले जाया गया। वहीं, सोमवार को अस्पताल में पीड़ित का पुन: एलाइजा टेस्ट किया जाएगा। उधर, कोटद्वार रेलवे स्टेशन के मास्टर के डेंगू से पीड़ित होने के बाद एक स्टेशन मास्टर को बिजनौर से बुलाया गया है।
कोटद्वार के गोविंद नगर निवासी 58 वर्षीय महिला की जांच एक निजी लैब से कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। जिस पर महिला को बेस अस्पताल ले जाया गया है। क्षेत्र में डेंगू पीड़ितों की संख्या में हर दिन इजाफा होने से हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, कोटद्वार रेलवे स्टेशन के एक स्टेशन मास्टर द्वारा नजीबाबाद में कराई गई जांच में उनके डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि होने पर उनके द्वारा चिकित्सीय अवकाश लिया गया है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि उनके स्थान पर बिजनौर से स्टेशन मास्टर की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। अन्य रेलकर्मियों को डेंगू से बचाव के लिए एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।