जनपद की छात्रा पलक डोबरियाल का चयन राष्ट्रीय सब जूनियर वालीबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जबकि जयहरीखाल के जीआईसी मठाली की छात्रा अंकिता ध्यानी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बीते दिनों उधमपुर के रुद्रपुर में हुई।
विद्यापीठ जूनियर हाईस्कूल निंबूचौड़ की छात्रा पलक डोबरियाल का चयन 62वीं सब जूनियर वालीबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता पांच से नौ दिसंबर तक मध्यप्रदेश के खैरगांव में आयोजित की जाएगी। पलक घमंडपुर गांव की रहने वाली है।
जयहरीखाल के राइका मठाली की अंकिता ध्यानी ने 800 मीटर, 1500 मीटर व 3000 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल कर तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यमकेश्वर के इंटर कालेज पोखरखाल की सोनाली पयाल ने जूनियर वर्ग की लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। दुगड्डा के राइका कुम्भीचौड़ के छात्र पल बहादुर ने बाधा दौड़ में स्वर्ण व गोला फेंक में रजत पदक झटका।
एकेश्वर के राइका श्रीकोटखाल की शिवानी को चक्का फेंक में स्वर्ण पदक हासिल हुआ। दुगड्डा के सरस्वती विद्या मंदिर जानकी नगर की प्रियंका ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 200 मीटर में रजत व लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल किया। रिखणीखाल के राइका कर्तिया की पूजा को लंबी कूद व त्रिकूद में रजत पदक प्राप्त हुआ है। एकेश्वर के राइका बग्याली के हीरा सिंह को त्रिकूद में रजत पदक हासिल हुआ। जीजीआईसी श्रीनगर की सविता को 100 मीटर व 800 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक प्राप्त हुआ। यमकेश्वर के राइका भृगुखाल की प्रियंका ने भाला फेंक में कांस्य पदक झटका तो मैसमोर इंटर कालेज पौड़ी की दीपा को लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल हुआ। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत, जनपदीय क्रीड़ा प्रभारी योगंबर सिंह नेगी, जिला खेल समन्वयक कमल उप्रेती आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।