कोटद्वार। भाजपा के तीन पर्यवेक्षकों ने शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ राय शुमारी की। इस दौरान पर्यवेक्षकों ने मेयर व वार्ड प्रत्याशियों के साथ बंद कमरे में चर्चा की। इसके अलावा अन्य कार्यकर्ताओं से भी लिखित रूप में सुझाव मांगे। पार्टी पर्यवेक्षकों ने कहा कि कार्यकर्ताओं की रायशुमारी की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। जिसका नाम भी पार्टी घोषित करेगी। सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से उनकी जीत के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे। मेयर और सभी वार्डों के पार्षद भाजपा के ही होने चाहिए।
गोविंद नगर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे अल्मोड़ा के पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने कहा कि पिछले चुनाव में भी काफी होमवर्क किया गया था। इस बार सभी वार्डों से पार्टी कार्यकर्ता पार्षद का चुनाव लड़ें। चुनाव के दौरान मेयर व पार्षद प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार में एक-दूसरे का सहयोग कर भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है।
कहा कि दावेदारी करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन किसी को भी अति महत्वाकांक्षी नहीं होना चाहिए। पहले अच्छा कार्यकर्ता बनें, नेता आपको पार्टी बनाएगी। अन्य पर्यवेक्षक पौड़ी के विधायक राजकुमार पौरी, हरिद्वार के पूर्व मेयर मनोज गर्ग और जिला प्रभारी राकेश नैनवाल ने भी प्रत्याशियों से बंद कमरे में राय शुमारी की।
इस मौके पर मेयर पद की दौड़ में शामिल जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित डॉ. राजेंद्र अणथ्वाल, मंडी समिति के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन कोटनाला, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला, राजगौरव नौटियाल और कमल नेगी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी ने किया।