किशनपुर (कोटद्वार)। उत्तराखंड राज्य में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित मिशन स्वच्छ गढ़वाल के अंतर्गत 2016-17 में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्रामसभा झंडीचौड़ पश्चिमी को जिला स्वच्छता गौरव सम्मान दिया गया है। गांधी जयंती के अवसर पर विकास भवन पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा ग्राम सभा के प्रधान पूरण चंद्र को सम्मान पत्र प्रदान किया गया है।
ग्रामसभा को सम्मान मिलने पर सोमवार को ग्रामसभा झंडीचौड़ पश्चिमी के पंचायत भवन में बैठक हुई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान पूरण चंद्र ने ग्राम को स्वच्छ, नशामुक्त, खुले में शौच मुक्त, भयमुक्त समाज की स्थापना, महिला उत्पीड़न रोकने के लिए महिला मंगल दल, महिला स्वयं सहायता समूह और गांव के सलाहकार बुद्धिजीवी ग्रामीणों का आभार जताया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने ग्रामवासियों से कहा कि शासन द्वारा जो भी प्रोत्साहन राशि ग्राम पंचायत को दी जाएगी उसे ग्रामवासियों की योजना के अनुसार ही विकास कार्यों में लगाया जाएगा। इस अवसर पर जनार्दन प्रसाद जखमोला, अशोक कुमार, रामेश्वरी देवी, कविता देवी, सुनीता देवी, चंद्रवीर सिंह, दयाल चंद, दिवान सिंह, रजनी देवी मौजूद रहे।