जिला प्रशासन की ओर से लागू साप्ताहिक कर्फ्यू के दौरान रविवार को कोटद्वार समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्र में दुकानें बंद रही, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। होटल बंद होने के कारण बाहर से आने वाले यात्रियों को चाय और पानी तक नसीब नहीं हुआ। पुलिस ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले 215 लोगों के चालान काटे।
प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार सुबह पांच बजे से अगले दिन सोमवार सुबह पांच बजे तक साप्ताहिक कर्फ्यू की शासनादेश जारी किए हैं। इसके तहत रविवार को सुबह से ही दूध की डेयरी और मेडिकल स्टोर को छोड़कर परचून, सब्जी, फल की रेहड़ी और ठेलियां बंद रही। साप्ताहिक कर्फ्यू के चलते सड़कों पर सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस ने तहसील चौराहा, झंडाचौक, लालबत्ती चौराहा, गाड़ीघाट चौराहा, देवी मंदिर चौराहा, कौड़िया, दुर्गापुरी चौराहा आदि इलाकों में कर्फ्यू के दौरान सड़कों पर वाहन लेकर घूम रहे लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की। इस दौरान बेवजह घूम रहे लोगों के चालान काटे गए और उन्हें कड़ी हिदायत भी दी गई। साप्ताहिक कर्फ्यू के बीच इक्का-दुक्का थ्रीव्हीलर और ई रिक्शा ही बाजार में नजर आए। संवाद