यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गांव पंचूर की पेयजल किल्लत का आखिरकार जलसंस्थान ने संज्ञान ले ही लिया। विभाग ने कोटद्वार से पानी टैंकर पंचूर गांव के लिए रवाना किया और सुबह दस बजे सभी ग्रामीणों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया।
यही नहीं, विभाग के अधिशासी अभियंता ओपी बहुगुणा खुद कर्मचारियों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने गांव के पेयजल स्रोत की सफाई करवाकर उसे रिचार्ज कराया और गांव के टैंक तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की।
ज्ञात हो कि यमकेश्वर ब्लाक के ग्राम पंचूर में विगत पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोग दो किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के परिजन और उनके सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अमर उजाला ने अपने मंगलवार के अंक में ‘यूपी सीएम योगी के गांव में भी पेयजल संकट’ शीर्षक के साथ खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। खबर पढ़ते ही जलसंस्थान के अधिकारी हरकत में आए और गांव के लिए पानी से भरा हुआ टैंकर भिजवा दिया। लोगों ने इसके लिए अमर उजाला का आभार जताया।
उधर, जलसंस्थान के ईई ओपी बहुगुणा ने बताया कि जलस्रोत पर पानी सूखने के कगार पर है। फिलहाल स्रोत की सफाई कराकर उससे थोड़ा रिचार्ज किया गया है। गांव के टैंक में पानी आना शुरू हो गया है, लेकिन इसके बाद भी गांव में टैंकर से नियमित पेयजल आपूर्ति की जाती रहेगी।