लैंसडौन। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय लैंसडौन की ओर से देहरादून में निर्माणाधीन शौर्य स्थल (सैन्य धाम) के लिए सात नदियों का पवित्र जल कलश में एकत्र करने के लिए लैंसडौन से जल संग्रहण यात्रा रथ निकाला जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल ओमप्रकाश फर्स्वाण (रि.) ने बताया कि है कि उत्तराखंड में चार धामों के अतिरिक्त पांचवें धाम के रूप में शौर्य स्थल की स्थापना देहरादून में की जा रही है। दिसंबर 2021 में सभी शहीदों के आंगन की पवित्र माटी को एकत्र कर शौर्य स्थल पर लगाया गया है। अब शौर्य स्थल के मुख्य स्तम्भ की आधारशिला के निर्माण में क्षेत्र की मधु गंगा नदी, खोह नदी, मालिनी नदी, सुखरो नदी, हेवल नदी, पटली नदी और देवलगढ़ नदियों का पावन जल कलशों में एकत्रित कर इस रथ द्वारा देहरादून भेजा जाएगा। बताया कि एक जुलाई शनिवार को दोपहर बाद 1:00 बजे मधुगंगा नदी से कलश में जल एकत्रित कर लैंसडौन लाया जाएगा। इसके बाद सभी नदियों के जल को संग्रह कर रथ को लैंसडौन से देहरादून स्थित शौर्य स्थल के लिए रवाना किया जाएगा। संवाद