सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज जानकीनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तहत आयोजित शिविर के छठवें दिन स्वयंसेवियों ने घराट शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास साफ-सफाई की और कूड़ा एकत्रित कर उसे नष्ट किया।
शनिवार को शिविर के छठवें दिन का शुभारंभ स्वयंसेवियों ने सरस्वती वंदना कर किया। प्रधानाचार्य रणवीर निर्मोही ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा विषय पर जागरूक किया। कहा कि वर्तमान में भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग नहीं है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विशेष संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की बात कही। कार्यक्रम अध्यक्ष जिला प्रचारक पारस ने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को एनएसएस की महत्ता और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी राजन शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने घराट शिव मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अवसर पर रोहित बलोदी, हरीश नौडियाल, राकेश चमोली आदि मौजूद रहे।