तीन किमी स्यालिनी-स्यालकंडी रोड की कटिंग का कार्य एक साल बाद भी अधूरा है। इससे ग्राम पंचायत स्यालिनी के स्यालकंडी गांव के 45 परिवार प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने 27 अक्तूबर तक रोड कटिंग का काम पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत स्यालिनी के प्रधान ताजवर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर शासन ने वर्ष 2021 में राज्य योजना के तहत मोटर मार्ग निर्माण को मंजूरी मिली। इसके लिए 64.06 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर लोनिवि दुगड्डा को कार्यदायी संस्था बनाया गया। लोनिवि ने जुलाई 2021 में रोड कटिंग का काम शुरू किया और डेढ़ किमी रोड कटिंग कर चलता बना। प्रधान का कहना है कि रोड कटिंग का जितना काम हुआ है वह भी मानकों के अनुसार नहीं है।
अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम उक्त मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करेगी। बरसात में भूस्खलन होने से निर्माण कार्य रुका हुआ है। भू-विशेषज्ञ से भी उक्त क्षेत्र की जांच कराई जाएगी। - आकृति गुप्ता, सहायक अभियंता, लोनिवि दुगड्डा।