प्रधान संघ नैनीडांडा की बैठक में ग्राम प्रधानों ने कोविड महामारी में उनकी मांग न माने जाने पर कोविड कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधानों ने उन्हें कोविड वॉरियर्स घोषित करने, उनका मानदेय पंद्रह हजार रुपये प्रतिमाह करने समेत कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
नैनीडांडा प्रधान संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई ग्राम प्रधानों की बैठक में कहा गया कि सरकार सैनिटाइज के लिए ग्राम प्रधानों को उनकी जेब से ही पैसा निकालकर दे रही है, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करता है। ग्राम प्रधानों ने मनरेगा कर्मियों की मांगों को मानते हुए हड़ताल खत्म कराने की मांग भी उठाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में सभी ग्राम प्रधानों को प्राथमिकता के आधार पर कोरोना वैक्सीन लगाने, ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह करने समेत 12 सूत्री मांगों के निराकरण की मांग की गई। बैठक में तेजपाल सिंह, जयपाल सिंह, प्रेम सिंह, सुरेंद्र सिंह, दीपक, सतेंद्र सिंह, सुषमा देवी, अनीता देवी, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।