किशनपुर/कोटद्वार। विद्या भारती से संबद्ध महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जशोधरपुर में संकुल कोटद्वार की क्रीड़ा-बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में संकुल के 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जशोधरपुर ने संकुल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संकुल प्रमुख निर्मल केमनी ने किया। बौद्धिक प्रतियोगिता के बाल वर्ग की कथा-कथन प्रतियोगिता में कक्षा आठ की कृष्टीना रावत, गीत में कृतिका, विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा सात की अदिति रावत, मूर्तिकला में कक्षा छह के वासुदेव और भौमिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रश्न मंच और सांस्कृतिक प्रश्न मंच में भी महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शिशु वर्ग की क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में दीक्षा ने 400 मीटर दौड़ और ऊंची कूद, वंशिका ने चक्का फेंक और गोला फेंक, शिवांश ने ऊंची कूद और पारस ने लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिकाओं की खो-खो व कबड्डी व बालकों की कबड्डी में भी महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रथम रहा।
शिशु वर्ग की बौद्धिक प्रतियोगिता के तहत गीत में कनिका जखमोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक प्रश्न मंच में भी महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने पहला स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य निर्मल केमनी ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी छह और सात सितंबर को श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।