कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 12 वर्षों के बाद महाकुंभ की शुरुआत हुई, तो उत्तराखंड परिवहन निगम ने 10 जनवरी से महाकुंभ विशेष बस सेवा शुरू की, लेकिन बस सेवा के साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों पर सौतेला व्यवहार हो रहा है। महाकुंभ विशेष बस सेवा को स्टॉपेज नहीं मिलने से चालक दल को डिपो के बाहर से ही बसें चलानी पड़ रही हैं।देहरादून से प्रयागराज के लिए शुरू की गई महाकुंभ स्पेशल वातानुकूलित और साधारण बसों के स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। जिनमें नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली प्रमुख हैं। करीब 810 किमी लंबे सफर पर प्रतिदिन विशेष बस सेवा की उपलब्धता के लिए देहरादून डिपो ने दोनों श्रेणियों की दो-दो बसें लगाई हैं।
वातानुकूलित बस सेवा रोजाना शाम पांच बजे और साधारण बस सेवा रोजाना सुबह 10 बजे देहरादून से प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर रही है। वहीं, प्रयागराज से देहरादून के लिए वातानुकूलित बस का समय शाम को पांच बजे और साधारण बस सेवा का समय सुबह 10 बजे ही तय किया गया है। लंबे सफर के कारण चारों बसों पर दो-दो स्टाफ दिया गया है।
महाकुंभ स्पेशल बस को उत्तर प्रदेश के महानगरों रायबरेली, सीतापुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद में स्टॉपेज नहीं मिल रहे हैं। बस चालक महानगरों के डिपो के बाहर से डग्गामार बसों की तरह इन बसों को गंतव्य की ओर ले जाने के लिए मजबूर हैं। जिस कारण बस केवल ऑनलाइन बुकिंग पर ही यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा पा रही है। बस चालकों ने इसकी शिकायत यातायात निरीक्षक अनिल चौधरी से की है। अनिल चौधरी ने बताया कि स्टॉपेज नहीं मिलने की स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
.
देहरादून से वातानुकूलित बस का किराया
प्रयागराज : 2,279 रुपये
लखनऊ : 1,174 रुपये
- देहरादून से साधारण बस का किराया
प्रयागराज : 1,160 रुपये
लखनऊ : 890 रुपये
.
सीतापुर में स्टॉपेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। इसके लिए बात की जा रही है। चूंकि बस लंबे रूट की है, तो समय आगे-पीछे होने और उस समय संभवत: बसों की अधिकता होने के कारण स्टॉपेज नहीं मिल रहा होगा। फिलहाल बसें महाकुंभ के लिए चलाई गई हैं। इसके बाद अगर बसें नियमित रखी जाती हैं, तो स्टॉपेज पर बात की जाएगी। -राजीव गुप्ता, एआरएम देहरादून