मुख्य आरोपी के साथी की तलाश, गैंडीखाता समेत कई जगह दबिश
लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के भंडार से 35.045 किलोग्राम के पांच हाथी दांत चोरी होने के मामले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम अब गिरफ्तार आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने गैंडीखाता समेत कई स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार, फरार साथी की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ के बाद ही चोरी हुए हाथी दांत के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। मामले में पुलिस ने दो दिन पहले वन गुर्जर गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में नानू ने अपने एक अन्य साथी की भूमिका अहम बताई है। दूसरा आरोपी गैंडीखाता का निवासी है और गिरफ्तारी के डर से फरार है। पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए हाथी दांत उसी के पास हैं या उसने उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। कोटद्वार पुलिस सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों से उसकी तलाश कर रही है।
यमकेश्वर से कोटद्वार स्थानांतरित हुआ था मुकदमा
लैंसडौन वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की तहरीर पर एक नवंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने की पुष्टि के बाद मुकदमे को अग्रिम कार्रवाई के लिए कोतवाली कोटद्वार स्थानांतरित कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, आपराधिक प्रवेश और वन्यजीव संरक्षण एवं वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।