जीआईसी दुगड्डा स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में शुक्रवार को टीकाकरण के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा नई लिस्ट बनाने के निर्देश के बाद लाइन में खड़े लोगों ने सेंटर में जमकर हंगामा काटा। शिकायत के बाद ब्लॉक प्रमुख रुचि कैंत्यूरा ने वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। टीकाकरण के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख को वैक्सीनेशन सेंटर में व्याप्त अव्यवस्थाओं से अवगत कराकर उन्हें दूर करने की मांग की। ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों को इस संबंध में सीएमओ पौड़ी से वार्ता करने का भरोसा दिया।
जीआईसी दुगड्डा स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में टीकाकरण के लिए शुक्रवार सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। इस दौरान लोगों की ओर से लिस्ट बनाई गई लेकिन प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नाजिम अली ने उक्त लिस्ट को निरस्त कर नई लिस्ट में नाम व आधार नंबर अंकित करने के निर्देश दिए। इसपर सभासद दीपक ध्यानी ने नई लिस्ट बनानी शुरू कर दी। नई लिस्ट बनने से सुबह से घंटों लाइन में खड़े लोग आक्रोशित हो गए। हंगामा बढ़ने पर ब्लॉक प्रमुख रुचि कैंत्यूरा ने वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर निरीक्षण किया। लोगों ने सेंटर में पुलिस कर्मियों की तैनाती करने, आमसौड़ और सीला गांव में वैक्सीनेशन सेंटर बनाने की मांग की। ब्लाक प्रमुख रुचि कैंत्यूरा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वैक्सीनेशन टीम के कार्मिक को ही लिस्ट में नाम अंकित करने की जिम्मेदारी सौंपने और टीकाकरण में पहली पहली प्राथमिकता स्थानीय लोगों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर सीएमओ पौड़ी से वार्ता की जाएगी। वैक्सीनेशन सेंटर में शुक्रवार को 200 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।