एनएच बाईपास के लिए अधिग्रहित भूमि एनएचएआई नजीबाबाद को जानी है हस्तांतरित
कोटद्वार। सनेह क्षेत्र में प्रस्तावित एनएच बाईपास के लिए यूपी और उत्तराखंड के राजस्व अधिकारी बुधवार को काशीरामपुर तल्ला में जुटे। यहां नगीना देहात व कोटद्वार तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारियों और कार्मिकों ने नक्शों से मिलानकर अधिग्रहित होने वाली भूमि के सत्यापन की कार्रवाई की। आगामी 23 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे पुन: दोनों तहसीलों की टीमें फाइनल सर्वे के बाद भौतिक कब्जा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) नजीबाबाद को हस्तांतरण करने के लिए रिपोर्ट तैयार करेंगे।
कोटद्वार के नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल ने बताया कि रतनपुर सनेह व काशीरामपुर तल्ला स्थित उत्तराखंड और यूपी बार्डर पर एनएच बाईपास के लिए अधिग्रहित भूमि का भौतिक कब्जा एनएचएआई नजीबाबाद को सौंपा जाना है। इसके लिए नगीना देहात व कोटद्वार तहसील के अधिकारियों ने बुधवार को काशीरामपुर तल्ला स्थित बार्डर पर अपने-अपने नक्शों से मिलान कर भूमि का सर्वे किया।
उन्होंने बताया कि बुधवार को नगीना देहात के अधिकारी सीमावर्ती गांव तेलीपाड़ा का नक्शा साथ नहीं लाए थे जिस पर 23 फरवरी को पुन: दोनों तहसीलों की टीमें फाइनल सर्वे करेंगी। इसके बाद भौतिक कब्जा एनएचएआई को सौंपने के लिए रिपोर्ट तैयार की जाएगी।