कोटद्वार। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए शनिवार को निगम की टीमों ने आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाकर सामान कब्जे में लिया। शनिवार को सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार अष्टवाल के नेतृत्व में आकस्मिक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अस्थायी अतिक्रमण से हर समय प्रभावित रहने वाले गोखले मार्ग पर निगम की टीम पहुंचते ही फड़ एवं ठेली कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। हर कोई अपना-अपना सामान उठाकर दौड़ने लगा। निगम की टीम भी पूरी तैयारी से पहुंची थी। कर्मचारियों ने दौड़कर भाग रहे कारोबारियों को पकड़कर उनका सामान ट्रॉली और टेंपो में लाद लिया। वहीं कई बार चेतावनी देने के बावजूद अनाधिकृत रूप से ठेली लगा रहे तीन कारोबारियों की पूरी ठेली ही कब्जे में ले ली। कई कारोबारियों ने गिड़गिड़ाते हुए सामान लौटाने और कार्रवाई नहीं करने की अपील की, लेकिन टीम की कार्रवाई जारी रही।
दिन में तीन बार टीम गोखले मार्ग से गुजरी। इस कारण फड़ और ठेली वाले अतिक्रमण नहीं कर सके, लेकिन शाम होते ही निगम की टीम की आहट बंद होते ही गोखले मार्ग पर फिर से फड़ें और ठेलियां लग गईं। अभियान में शामिल मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि 500-500 रुपये के तीन चालान करने के साथ ही काफी सामान कब्जे में लिया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में सफाई निरीक्षक परमीत चौधरी समेत कई कर्मचारी शामिल रहे।