दुगड्डा और मैदावन के बीच छायादार स्थानों पर जमा हो रहा पाला
संवाद न्यूज एजेंसी
दुगड्डा (कोटद्वार)। लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट राज्य राजमार्ग पर छायादार स्थानों पर पाला जमने से सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। ऐसे में यहां वाहन फिसल रहे हैं जिससे यहां दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
पर्वतीय क्षेत्रों में सर्दी बढ़ने के साथ ही उन स्थानों पर सड़कों पर पाला जमने लगा है जहां धूप नहीं पहुंच पाती है। लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट राज्य राजमार्ग पर दुगड्डा से मैदावन तक कई स्थानों पर दिनभर पाला जमा रहने से दुपहिया वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। वहीं, सड़कों का उचित रखरखाव नहीं होने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के अनुसार सड़क किनारे झाड़ियों का ठीक से कटान नहीं होने के कारण कई स्थानों पर नमी बनी रहती है जिससे पाला जम जाता है। दुगड्डा से चौकीसेरा तक सर्दियों में अक्सर दोपहिया वाहन पर सवार लोग चोटिल होते रहते हैं। वहीं लोनिवि निर्माण खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता कपिल कुमार ने बताया कि पाले से प्रभावित स्थानों पर चूना डाला जाएगा। इससे सड़क की नमी कम होगी और वाहनों की आवाजाही में होने वाली दिक्कतों को कम करने में मदद मिलेगी।
.
फोटो समाचार