कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने सनेह रोड पर चोरी की मोटरसाइकिल समेत दो वाहन चोरों को पकड़ लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि कोटद्वार निवासी अनिल चौहान ने विगत 16 मार्च को कोतवाली पुलिस को एक शिकायती प्रार्थनापत्र दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने चोरी की घटना का संज्ञान लेते हुए मोटरसाइकिल को बरामद करने के साथ ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए।
उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को चैक करते हुए स्नेह रोड के समीप आरोपी संदीप सिंह निवासी कुंआखेड़ा, थाना बढ़ापुर जिला बिजनौर यूपी व राज शर्मा निवासी गुमानीवाला ऋषिकेश को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक अन्य मोटर साइकिल भी बरामद की, जो इनके द्वारा हरिद्वार से चोरी की गयी थी। चोरी की इस घटना में संलिप्त एक अन्य आरोपी मंगल सिंह फरार चल रहा है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।