कोतवाली पुलिस ने हल्दूखाता में एक परचून की दुकान से दो तस्करों को 400 ग्राम चरस के साथ धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कलालघाटी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा और सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक रफत अली के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान हल्दूखाता स्थित एक परचून की दुकान से दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों युवकों की तलाशी ली गई तो कृपाल सिंह निवासी हल्दूखाता कोटद्वार के कब्जे से 190 ग्राम और अशोक उर्फ बचन सिंह निवासी ग्राम बावनसराय रायपुर सादात जिला बिजनौर यूपी के कब्जे से 210 ग्राम चरस मिली। पुलिस टीम में सीआईयू के कांस्टेबल सुशील कुमार, आबिद अली, अमरजीत, फिरोज, पुलिस कांस्टेबल होशियार, भगवान सिंह और निर्मला शामिल रहीं।