लैंसडौन। क्षेत्र में दो सांडों के बीच हुए संघर्ष के दौरान सांड के हमले से दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इससे पहले कई बार सांडों ने उत्पात मचाते हुए कई वाहनों को क्षतिग्रस्त भी कर दिया था।सोमवार शाम दो सांडों के बीच संघर्ष से सदर बाजार के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सांड सब्जी की एक रेहड़ी से टकराकर इधर-उधर भागने लगे। सांडों की टक्कर से दो लोग सड़क पर गिर पड़े और एक सांड सड़क पर गिरे व्यक्ति को रौंदते हुए बाजार की ओर भाग गया। दूसरा सांड फिर से उसके पीछे दौड़ा।
बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सांडों के हमले में दीपक वर्मा (45), निवासी डाकघर वाली गली एवं नरेंद्र सिंह (55), निवासी लोनिवि मोहल्ला लैंसडौन घायल हो गए। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लहूलुहान दीपक के सिर के पीछे चोट लगी। कैंट अस्पताल की चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनीषा अग्रवाल ने बताया कि दीपक के सिर व मुंह व हाथ पर चोट आई थी। उसकी स्थिति ठीक है, जबकि नरेंद्र के बाएं हाथ में चोट आई है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। लोगों का कहना है कि पूर्व में सांडों के संघर्ष में कई बार दुकानों और वाहनों को नुकसान हुआ था। लोग इनके आतंक से परेशान हैं।