फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, पांच घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
पौड़ी जिले में शुक्रवार रात हुए दो मैक्स हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसों में घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटद्वार के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना पाटीसैंण-थापली मार्ग पर और दूसरी घटना कोटद्वार-रिखणीखाल मार्ग पर ढाबखाल के पास हुई। सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस, थाना पुलिस और प्रशासन के लोगों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को समीपवर्ती अस्पतालों तक पहुंचाया।
विज्ञापन

शुक्रवार देर शाम एकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत पाटीसैंण-थापली मोटर मार्ग पर एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें वाहन चालक और मालिक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार अन्य तीन घायलों को 108 की मदद से राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती घायल कुलदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को करीब छह बजे मैक्स वाहन पांच सवारियों को लेकर पाटीसैंण से एकेश्वर ब्लाक के थापली की ओर रवाना हुआ। पाटीसैंण से करीब तीन किमी आगे मैक्स वाहन अचानक चढ़ाई पर चढ़ने के बजाय तेजी से पीछे की ओर आने लगा। इससे पहले कि वाहन चालक और उसमें सवार लोग संभलते वाहन अनियंत्रित होकर करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
पाटीसैंण चौकी प्रभारी किशन दत्त शर्मा ने बताया कि वाहन दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहन से घायलों को बाहर निकाला, जिसमें वाहन स्वामी ग्राम थापली निवासी सुदामा प्रसाद (33) पुत्र चैतराम और ग्राम देधार निवासी चालक संजय गुसाईं (43) पुत्र कुंवर सिंह की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में घायल थापली गांव निवासी कुलदीप (22) पुत्र स्व. चतर सिंह, विजेंद्र सिंह (52) पुत्र स्व. मनमोहन सिंह और रोशन सिंह (23) पुत्र विजेंद्र सिंह को कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
विज्ञापन

उधर, रिखणीखाल ब्लाक के अंतर्गत कोटद्वार-रिखणीखाल मार्ग पर ढाबखाल के पास एक मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार दो लोग राहुल (23) पुत्र हरीशनाथ निवासी रिखणीखाल और कांडा तल्ला गांव निवासी किशन (28) पुत्र मान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल वाहन चालक राहुल (23) पुत्र हरीश नाथ ने बताया कि शुक्रवार शाम को पांच बजे वह अपने मैक्स में पांच सवारियों को लेकर कोटद्वार से उनेरी रिखणीखाल के लिए चला था। रात करीब आठ बजे ढाबखाल के पास सड़क किनारे टूटे हुए पुश्ते पर वाहन रपट गया और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें