कोटद्वार। नगर की सड़कों और बाजारों में निराश्रित भटकने वाले सांड अब आमजन के लिए खतरा बनने लगे हैं। शनिवार को लालबत्ती और झंडा चौक के बीच हाईवे पर दो सांडों के बीच जबरदस्त संघर्ष हुआ। सांडों ने एक-दूसरे को लहूलुहान करने के साथ ही कई वाहनों को क्षति पहुंचाई। गनीमत रही कि कोई राहगीर इन सांडों की चपेट में नहीं आया।
शनिवार शाम बाजार में खासी चहल पहल थी। इसी बीच नेशनल हाईवे पर लालबत्ती चौक और झंडा चौक के बीच दो सांड आपस में भिड़ गए। जिससे राहगीरों और बाजार में दुकानदारों व ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक हाईवे पर जाम भी लग गया। सांडों ने पांच-छह दोपहिया वाहनों को क्षति भी पहुंचाई। कुछ राहगीरों दोनों को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। भारी वाहनों के जमघट और शोरगुल होने पर सांड हटे। इस समय नगर की सड़कों, मुख्य चौराहों और बाजार के आसपास दर्जनों निराश्रित गोवंशीय पशु भटक रहे हैं और आमजन के लिए मुसीबत बने हैं। आपस में भिड़ रहे सांड चंद कदम के फासले पर गोखले मार्ग पर पहुंच जाते, तो भीड़ में भगदड़ मच सकती थी।