गब्बर के परिवार में लौटी खुशियां...
- फोटो : अमर उजाला
उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 17 दिन से फंसे कोटद्वार के बिशनपुर लालपानी निवासी गब्बर सिंह के बाहर निकल आने की सूचना के बाद परिजनों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। मंगलवार रात को गब्बर सिंह पत्नी ने जहां दिए जलाकर मिठाई बांटी। वहीं बच्चों और पड़ोसियों ने पटाखे फोड़कर दिवाली मनाई। उनके सकुशल बाहर आने की सूचना के बाद बुधवार को भी उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
गब्बर सिंह की पत्नी जसोदा देवी ने बताया कि सुरंग से बाहर निकलने के बाद उनके पति ने फोन पर उनसे बात कर सकुशल निकल आने की सूचना दी। इस बीच क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता कोटनाला, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज भाटिया, पार्षद अनिल रावत के साथ ही पास-पड़ोस के लोगों ने भी उनके घर पर पहुंचकर जसोदा को बधाई दी।
गब्बर सिंह के सकुशल बाहर आने से उनके दोनों बच्चे आकाश और विकास भी काफी खुश है। जसोदा देवी ने बताया कि सुरंग में फंसने की सूचना के बाद उनकी सांसें अटकी हुई थीं। हालांकि उनकी पति से रोजाना फोन पर बात हो रही थी, लेकिन फिर भी मन में एक डर सा बना हुआ था। पति के बाहर आने के बाद अब वह निश्चिंत हो गई हैं।
बुधवार सुबह उन्होंने मंदिर में जाकर भगवान का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया। जसोदा देवी समेत पूरे परिवार को अब गब्बर सिंह के घर पहुंचने का इंतजार है।