अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर युवा महिला मंगल दल भड़क उठा। उन्होंने आबकारी विभाग की टीम पर अवैध शराब कारोबारियों के साथ मिलीभगत होने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि चपलोड़ी क्षेत्र की महिलाओं ने 28 जून को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन कर क्षेत्र को शराब मुक्त करने की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने आबकारी विभाग को प्राइवेट वाहन में छापा मारने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग की टीम ने चपलोड़ी बाजार में छापामारी की लेकिन टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। जिससे महिलाएं व अन्य लोग भड़क उठे। उन्होंने बाजार में आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कहा कि विभाग ने डीएम के निर्देशों को दरकिनार करते हुए प्राइवेट वाहन के बजाय विभागीय वाहन का इस्तेमाल किया गया। इससे कारोबारियों को उनके आने की भनक लग गई।
महिला मंगल दल चपलोड़ी की अध्यक्ष उर्मिला देवी, ग्राम प्रधान पिंकी नेगी, विनीता देवी, आदि ने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। इस मौके पर विनय रावत, मीरा देवी, सोना देवी, आनंदी देवी, अनीता देवी, विनीता देवी, और रूपा देवी आदि थे। जिला आबकारी निरीक्षक डीएस चौहान का कहना है कि छापामारी के दौरान टीम को अवैध शराब नहीं मिली। टीम फिर से क्षेत्र में छापामारी करेगी।