कोटद्वार। शिवपुर स्थित जल संस्थान के नलकूप की बिजली केबल फुंकने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित रही जिसे दोपहर बाद ठीक कर सुचारु कर दिया गया। वहीं मानपुर चौराहा-बिष्ट कॉलोनी से सटे इलाकों में यूयूएसडीए द्वारा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत न किए जाने के कारण 16वें दिन भी पेयजल संकट बना रहा और लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा।
उधर, गढ़वाली टंकी स्थित सिंचाई नलकूप में तकनीकी खराबी से पदमपुर कच्ची नाली समेत कई क्षेत्रों में छठे दिन भी जलापूर्ति बाधित रही, जहां जल संस्थान द्वारा टैंकरों से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इस संबंध में यूयूएसडीए के सहायक अभियंता सुमित कुमार ने बताया कि टैंक पूरी तरह भरने के बाद लाइन की दोबारा जांच कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। वहीं जल संस्थान कोटद्वार के जेई शूरवीर सिंह चौहान ने कहा कि केबल ठीक कराकर शाम तक आपूर्ति सुचारू कर दी गई है और निचले इलाके में क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने के निर्देश दे दिए गए हैं। संवाद