कोटद्वार। कोटद्वार-दिल्ली रेलमार्ग पर कोटद्वार रेलवे स्टेशन से कुछ ही फासले पर रेलवे की उच्च क्षमता की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (ओएचई) पर पेड़ की शाखा गिर गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।आनंद विहार टर्मिनल से एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार तड़के चार बजे कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। सवारियां उतारकर इंजन की शंटिंग के बाद 4:30 बजे ट्रेन को नजीबाबाद यार्ड में खड़ी करने के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद ही नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच रेलवे के किलोमीटर संख्या 15 से खंभा संख्या 6 पर 25 हजार वोल्ट क्षमता की विद्युत उपस्कर लाइन (ओएचई) पर पेड़ की शाखा टूटकर गिर गई। आधुनिक तकनीक के चलते ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर (टीपीसी) मुरादाबाद से तुरंत ही विद्युत लाइन ट्रिप हो गई। जिससे हादसा तो टल गया, लेकिन विद्युत लाइन ट्रिप होने से रेल ट्रैक बाधित हो गया।
अगली ट्रेन नजीबाबाद से सुबह 9:05 बजे चलनी थी। मुरादाबाद कंट्रोल से इसकी सूचना नजीबाबाद रेलवे स्टेशन को दी गई। नजीबाबाद से टावर वैगन को मौके पर भेजकर सुबह सात से आठ बजे के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन से शाखा हटाकर विद्युत लाइन सुचारु की गई। बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में शाखा विद्युत लाइन पर गिरी, उसके आसपास हाथी का स्वतंत्र विचरण रहता है। आशंका है कि हाथी ने चारे के लिए पेड़ की शाखा तोड़ी होगी और वह रेल ट्रैक पर बनी ओएचई लाइन पर गिर गई।