कोटद्वार। उप संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) शशि दुबे ने गाजियाबाद की पांच ट्रैक्टर ट्राॅलियों को कोटद्वार में सीज कर दिया है। ये ट्रैक्टर ट्राॅलियां गाजियाबाद में कृषि कार्य में पंजीकृत हैं, लेकिन इनका कोटद्वार क्षेत्र में व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। यही नहीं इन वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी।
एआरटीओ ने बताया कि शनिवार को उन्हें एक साथ पांच ट्रैक्टर ट्राॅलियां हाईवे पर सामान लादकर ले जाती मिलीं। वाहन चालकों को रोककर उनके कागजात चेक किए गए तो वे कृषि कार्य के लिए पाए गए। सभी पांचों ट्रैक्टर ट्राॅलियों को एआरटीओ कार्यालय सिमलचौड़ में लाकर सीज कर दिया गया है। बताया कि कृषि कार्य में पंजीकृत किसी भी वाहन का व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जा सकता है। इसके लिए वाहन स्वामियों को उन्हें व्यावसायिक उपयोग में ही पंजीकृत कराना होगा। बताया कि इन दिनों जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।