कोटद्वार। नेहरू युवा केंद्र पौड़ी गढ़वाल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, केंद्र सरकार) की ओर से आईएचएमएस बलभद्रपुर में नशीली दवाओं की लत और मादक द्रव्यों का सेवन विषय पर आयाेजित कार्यशाला में युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल बीएस गुसाईं (से.नि.) ने युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का संदेश दिया। कहा कि नशा युवाओं को अंदर से खोखला बना रहा है। विशिष्ट अतिथि संस्थान के एमडी वीएस नेगी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं के समग्र विकास में सहायक होते है। नेहरू युवा केंद्र पौड़ी के जिला युवा अधिकारी शैलेश भट्ट ने माई भारत अभियान की गतिगविधियों से अवगत कराया। कहा कि युवाओं को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करने की आवश्यकता है। युवाओं के लिए इसके तहत कई कार्यक्रम देश भर में संचालित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग कोटद्वार के डॉ. मोहम्मद राशिद ने कहा कि युवा जिंदगी चुनें, नशा नहीं। उन्होंने नशे से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं को मादक पदार्थ की लत से बचने के लिए प्रेरित किया। साइबर सेल इंचार्ज कमलेश शर्मा और एसआई दीपक अरोड़ा ने युवाओं को साइबर क्राइम, आनलाइन फ्रॉड व उससे बचने की जानकारी दी। फ्राॅड होने की स्थिति में उसे छुपाने के बजाय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अथवा पुलिस स्टेशन से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर अनुराग सेमवाल, आंचल शर्मा, निकिता तिवारी, हर्ष, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी गौरव रावत, नीलम रावत और शिवम भारद्वाज आदि मौजूद रहे।