पौड़ी। जिला मुख्यालय के जीआईसी में 11 मार्च को होने वाली विधानसभा चुनाव 2017 की मतगणना को लेकर एसएसपी मुख्तार मोहसिन के आदेश पर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया है। इसके तहत विधानसभाओं के अनुरूप मुख्यालय पर पांच जगहों पर वाहनों के लिए पार्किंग जोन बनाए गए हैं।11 मार्च को होने वाली विधान सभा मतगणना के दिन मुख्यालय पर वाहनों की अधिक आवाजाही को देख पुलिस ने यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया है। इसके तहत प्रत्याशियों, समर्थकों, अभिकर्ताओं व मतगणना कर्मियों आदि के वाहनों की पार्किंग के लिए पांच जगहों पर पार्किंग जोन बनाए गए है। पुलिस की ओर से मतगणना के दिन सभी राजनीतिक दलों/निर्दलीय प्रत्याशियों व मतगणना में लगे सभी विभागीय अधिकारियों/ कर्मचारियों के वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था नए बस अड्डे में की गई है। विधानसभा कोटद्वार, लैंसडौन, चौबट्टाखाल व यमकेश्वर से आने वाली सभी प्रत्याशियों के कार्यकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था कंडोलिया मैदान में की गई है। मतगणना में पहुंचने वाले विधान सभा श्रीनगर के कार्यकर्ताओं व अभिकर्ताओं के लिए मुख्य बस स्टेशन को पार्किंग बनाया गया है। पौड़ी विधान सभा के लिए डीएवी इंटर कालेज व मीडिया प्रतिनिधियों के दोपहिए वाहनों के लिए सीएमओ कार्यालय के पास तथा अन्य वाहनों के लिए बस अड्डे को पार्किंग जोन बनाया गया है।
मतगणना को लगाई जाएगी 12-12 टेबल
नई टिहरी। विधानसभा निर्वाचन की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतगणना शनिवार 11 मार्च को आईटीआई भवन में सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी। हर विधानसभा के लिए अलग-अलग 12-12 टेबल लगाई गई हैं। कोई भी व्यक्ति बगैर अधिकृत पास के मतगणना स्थल पर नहीं जा सकेगा।
डीएम इंदुधर बौड़ाई ने बताया कि मतगणना पोस्टल मतपत्रों से शुरू की जाएगी। मतगणना कक्ष में मतगणना कर्मियों सहित किसी भी उम्मीदवारों के अभिकर्ता मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। डीएम ने कहा कि मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा है।