कोटद्वार। जिला उद्याेग व्यापार प्रतिनिधिमंडल कोटद्वार से जुड़े व्यापारियों ने एसडीएम और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर छह साल पुरानी सूची के आधार पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजने पर सवाल उठाए हैं। कहा कि नोटिस में शामिल एक दर्जन से अधिक अतिक्रमणकारियों ने वर्ष 2017 में ही अपने खोखे हटा लिए थे, इसके बावजूद उन्हें अभी तक गोखले मार्ग के अतिक्रमणकारियों की सूची में ही रखा गया है।
संगठन के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल व महामंत्री लाजपत राय भाटिया ने कहा कि एसडीएम और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वस्तु स्थिति से अवगत कराया गया है। आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से बीते दो साल से नोटिस भेजकर कई व्यापारियों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। करीब आठ व्यापारी ऐसे हैं जो बिना धरातलीय स्थिति को देखे उन्हें भेजे गए हैं। कई खोखा व्यापारियों द्वारा वर्ष 2017 में अतिक्रमण पर बने खोखे भी हटा दिए गए हैं। एक बार फिर से तहसील प्रशासन और नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।