बाघ के हमले में मारी गई महिला। (फाइल फोटो) संवाद
कोटद्वार/कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) क्षेत्र के अंतर्गत कालागढ़ केंद्रीय कॉलोनी में बुधवार रात को बाघ ने एक महिला पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन महिला को अफजलगढ़ स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोटद्वार में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया है। घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में आक्रोश बना हुआ है। कोटद्वार से प्रशासन, पुलिस टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
कालागढ़ की वर्कचार्ज केंद्रीय कॉलोनी में हाइडिल संविदाकर्मी नितिन कुमार का परिवार आवासीय परिसर में रहता है। बुधवार रात करीब आठ बजे नितिन की पत्नी टीना (23) खाना खाने के बाद बर्तन रखने के लिए घर के आंगन में पहुंची, तभी बाघ ने टीना पर हमला कर उसकी गर्दन दबोच ली। टीना के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे नितिन ने बाघ को खदेड़ने का प्रयास किया, तो बाघ ने टीना को छोड़कर नितिन पर झपटने का प्रयास किया, तभी नितिन ने भागकर घर का दरवाजा बंद कर अपनी और आठ महीने की बच्ची की जान बचाई। बुरी तरह घायल टीना आंगन में तड़प रही थी और नितिन घर के अंदर से चीख रहा था। कुछ ही मिनटों में ग्रामीणों के पहुंचने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया। लोग घायल टीना को लेकर 20 किमी दूर अफजलगढ़ स्थित अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान टीना की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार दोपहर टीना के शव का कोटद्वार में डॉ. जेसी ध्यानी ने पोस्टमार्टम किया। टीना के पति एवं संबंधियों ने नायब तहसीलदार सरदार सिंह एवं राजस्व उपनिरीक्षक सीता को पूरी घटना की जानकारी दी। नितिन ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी और टीना की शादी हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कोटद्वार से नायब तहसीलदार सरदार सिंह, एसआई केडी शर्मा एवं वनकर्मी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। नायब तहसीलदार ने बताया कि वन्यजीव के हमले से मौत होने पर मृतक आश्रित को छह लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा।
कालागढ़ में बाघ की दहशत बरकरार, पालतू गाय पर किया हमला
कालागढ़। कालागढ़ की केंद्रीय काॅलोनी में बाघ की दहशत बरकरार है। महिला पर हमले के बाद बाघ ने केंद्रीय काॅलोनी में ही आधी रात को पालतू गाय पर हमला कर उसे घायल कर दिया। काॅलोनी में महेंद्र और शीशपाल ने बताया कि घटना के बाद बाघ काफी देर तक कॉलोनी में दहाड़ता रहा। हनुमान मंदिर के पास बाघ ने एक सांड को बृहस्पतिवार की दोपहर हमला कर मार डाला। बाघ के सक्रिय होने से पूरे कालागढ़ में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने नितिन कुमार के निवास के बाहर दो कैमरा ट्रैप लगा दिए हैं। सशस्त्र गश्ती दल भी तैनात कर दिए गए हैं। बाघ की निगरानी की जा रही है।