कोटद्वार। वरिष्ठ नागरिक संगठन ने बलभद्रपुर निवासी ठगी देवी को शतायु होने पर उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। उनकी परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा सेवानिवृत्त ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर कुलदीप सिंह नेगी हैं। संगठन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन पीएल खंतवाल की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल बलभद्रपुर निवासी ठगी देवी के आवास पर पहुंचे और उन्हें संगठन की ओर से फल भेंटकर, माला पहनाकर, वस्त्र स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अध्यक्ष पीएल खंतवाल ने कहा कि उनके शतायु प्राप्त करने में निश्चित रूप से परिवार के सारे सदस्यों की मेहनत, सेवाभाव का बहुत बड़ा योगदान रहा होगा।