श्रीनगर। औद्यानिक प्रशिक्षण एवं परीक्षण प्रक्षेत्र में स्थापित हाइटेक पॉली हाउस का ऑटो सिस्टम तीन साल से खराब पड़ा हुआ है। इसके चलते इसका प्रयोग सब्जी उत्पादन के बजाय स्टोर के रूप में किया जा रहा है।
सात साल पहले उद्यान विभाग ने श्रीनगर स्थित प्रक्षेत्र में हाईटेक पॉली हाउस स्थापित किया था। मकसद था बेमौसमी सब्जी उत्पादन और कटिंग से नई पौध तैयार करना। 12 महीने पॉलीहाउस के अंदर एक जैसा तापमान रहे, इसके लिए इसके अंदर ऑटो सिस्टम लगा था। जो तापमान में उतार-चढ़ाव के अनुसार कूलिंग या हीटर ऑन करता था। चार साल तक प्रक्षेत्र कर्मियों ने इस सिस्टम का बेहतर प्रयोग किया। काफी संख्या में नई पौध तैयार की गई, लेकिन जून 2013 में आई बाढ़ में इसके अंदर पानी घुस गया। इससे चलते ऑटो सिस्टम फुंक गया।
औद्यानिक प्रशिक्षण एवं परीक्षण प्रक्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम बडोनी बताते हैं कि पॉलीहाउस के अंदर वनस्पति की प्रजाति के हिसाब से दिन, समय और तापमान निर्धारित किया जाता था। ऑटो सिस्टम खराब होने से पॉलीहाउस प्रयोग में नहीं है। ऑटो सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया है।
गलतियों का भी नहीं किया सुधार
पॉलीहाउस का निर्माण करते समय इसमें गलतियां भी रह गई थीं। पालीहाउस का फर्श पक्का कर दिया गया। जबकि इसको कच्चा रहना था। ऐसी स्थिति में गमलों में पौध तैयार करना पड़ता था। विभाग ने जनरेटर की भी व्यवस्था नहीं की।