अखबार में विज्ञापन देकर लोगों के साथ नौकरी देने के नाम पर लाखों की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन ठगों को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि गत माह 20 जनवरी को धमंडपुर कोटद्वार निवासी प्रेम सिंह नेगी ने ऑक्सीजन नाम की कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने की नामजद तहरीर दी थी। तहरीर में प्रेम सिंह ने बताया कि उसने एक दैनिक अखबार में ऑक्सीजन कंपनी का नौकरी के लिए विज्ञापन छपा देखा था, जिसमें दिए गए नंबर पर वार्ता करने पर आरोपी सुनील चौधरी ने नौकरी का झांसा देकर उससे 8 लाख 96 हजार रुपये ठग लिए। मामले में नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। इलेक्ट्रॉनिक्स सर्विलांस के माध्यम से खोज करने के बाद आरोपी अतुल चंद्र निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद, अंकित ठाकुर निवासी नंदग्राम गाजियाबाद और राजीव कुमार निवासी संतपुरा मोदीनगर गाजियाबाद को गाजियाबाद के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के पास से 85 हजार रुपये, विभिन्न बैंकों के एटीएम, पासबुक, आधार कार्ड, पहचानपत्र और अखबार में प्रकाशित विज्ञापन बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर पौड़ी जेल भेज दिया गया है।