क्षेत्र में बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों को देेखते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को कोरोना संक्रमितों के समुचित उपचार को लेकर व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए दो होटल अधिगृहीत करने के निर्देश दिए। कहा कि पुलिस, होमगार्ड और सरकारी कर्मियों के लिए बीईएल रोड पर निर्माणाधीन फायर बिल्डिंग को भी आइसोलेशन सेंटर (कोविड केयर सेंटर) बनाया जा रहा है।
तहसील सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण बेस अस्पताल में मरीजों का अधिक लोड है, जिसके कारण कोरोना के मरीजों को बेहतर उपचार देने में चिकित्सकों को जूझना पड़ रहा है। कोरोना के प्रारंभिक उपचार के लिए दो होटलों के अलावा बीईएल रोड पर बने फायर सेंटर के भवन को कोरोना केयर सेंटर बनाया जाएगा। फायर सेंटर के आवासीय भवनों में पुलिस और प्रशासन के संक्रमित हुए कर्मचारियों के लिए व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा शहर के दो होटलों को अधिगृहीत कर कोरोना केयर आइसोलेशन सेंटर बनाया जाएगा। इन कोरोना केयर सेंटरों में ऑक्सीजन, डॉक्टर, नर्स के अलावा सभी सुविधाएं जुटाई जाएंगी। वहां से गंभीर मरीजों को ही बेस अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। कोटद्वार का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे श्रीनगर के एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट को होटलों के चयन के साथ ही कोविड केयर सेंटरों में व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए।