द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत सिलोगी बाजार में भैरवगढ़ी पेयजल योजना का पानी पहुंचने पर खुशी मनाते ?
- फोटो : KOTDWAR
द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत सिलोगी बाजार में भैरवगढ़ी पंपिंग पेयजल योजना से बुधवार को पेयजल की आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लोगों ने नल से पानी भरने से पहले विधिवत पूजा अर्चना की।
वर्ष 2006-07 में यमकेश्वर, द्वारीखाल, जयहरीखाल ब्लाक के 75 गांवों समेत छावनी क्षेत्र लैंसडौन की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए बनाई गई बहुउद्देश्यीय भैरवगढ़ी पंपिग योजना के निर्माण को शासन ने मंजूरी प्रदान की थी। इस योजना का बजट शुरुआती दौर में लगभग 23 करोड़ था, लेकिन कछुआ चाल से चल रही इस योजना का कार्य 14 सालों में पूरा करने में पेयजल निगम की सांस फूल गई। नतीजतन, योजना का आकार तो बढ़ा नहीं, अलबत्ता बजट बढ़कर जरूर तीन गुना हो गया। बहरहाल पेयजल निगम ने ट्रायल पूरा होने के बाद अप्रैल 2020 से इस योजना से गांवों में पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी। द्वारीखाल में पेयजल लाइन में लीकेज और लो प्रेशर के कारण सिलोगी बाजार तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। बुधवार को सिलोगी बाजार में पेयजल योजना का पानी पहुंचने पर ग्रामीण खुशी से झूम उठे। ग्रामीणों ने नल की बाकायदा पूजा अर्चना करने के बाद पीने के लिए पानी भरा। समाजसेवी राजेंद्र सिरस्वाल, रूपचंद्र जखमोला ने कहा कि योजना के शुरू होने से अब लोगों को पेयजल के लिए मीलों पैदल भटकना नहीं पड़ेगा।
पेयजल निगम की ईई सरिता गुप्ता ने बताया कि योजना से आच्छादित दो तीन विवादित गांवों को छोड़कर सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति अप्रैल माह से शुरू कर दी गई है। सिलोगी में दिक्कत थी, जिसे ठीक करा लिया गया है।