दुगड्डा (कोटद्वार)। विकासखंड दुगड्डा के वन्यजीव प्रभावित राजस्व ग्राम नाथूपुर व गोदी छोटी के ग्रामीण जल्द ही चैन की सांस लेंगे। जी हां, लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज के अंतर्गत सोलर फेंसिंग के लिए 12 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। विभाग ने सोलर फेंसिंग का काम शुरू कर दिया है। नाथूपुर में 900 और गोदी छोटी में 1100 मीटर सोलर फेंसिंग करवाई जाएगी।
लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों में वन्यजीवों खासकर हाथी आते रहे हैं। इससे ग्रामीणों को जानमाल का खतरा बना रहता है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद कर देते हैं। खेत बंजर होने के कगार पर हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जनता दरबार में पहुंचकर वन्यजीवों से फसलों को बचाने की कई बार मांग की।
राजस्व ग्राम नाथूपुर में विगत चार वर्षों से तीन टस्कर हाथियों की नौड़ी वन क्षेत्र में आवाजाही बनी हुई है। गांव साझासैण में भी हाथियों, गुलदार व बाघ का लगातार मूवमेंट होने से स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
शुक्रवार को वन क्षेत्राधिकारी दुगड्डा रेंज उमेश चंद्र जोशी ने गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय सीमांत गांवों के ग्रामीणों को वन्यजीवों से निजात दिलाने के लिए सोलर फेंसिंग का कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि नाथूपुर में 900 मीटर और गोदी छोटी में 1100 मीटर सोलर फेंसिंग लगाई जाएगी। उन्होंने फेंसिंग बनाने के लिए विभाग से करीब 12 लाख रुपये का बजट स्वीकृत होने की बात कही। साथ ही सोलर फेंसिंग पूरी बनने के बाद उचित देखभाल के लिए ग्रामीणों को स्वयं ही झाड़ियां काटने की सलाह दी।