बोले भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, गिनाई प्रदेश सरकार की उपलब्धियां
कोटद्वार। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है और नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 3.56 लाख करोड़ का निवेश व एमओयू साइन हुए हैं। हरिद्वार, पंतनगर, सितारगंज, कोटद्वार में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया। 50 एमएसएमई क्लस्टर, नई एमएसएमई, लॉजिस्टिक और स्टार्टअप नीतियां लागू की गई हैं। बीते तीन सालों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे, जिससे प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिली है।
लखपति दीदी के माध्यम से 1.65 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से प्रदेश के 60 लाख से अधिक लोग व किसान सम्मान निधि से 9 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए है। 55 हजार गरीबों को पीएम आवास योजना का लाभ दिया गया। 18,602 अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। पत्रकार वार्ता में मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, सुरेंद्र आर्य, विजयानंद पोखरियाल, हरि सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।