कोटद्वार। पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रभु महतो ने ओवरऑल महाविद्यालय चैंपियन का खिताब नाम किया जबकि छात्रा वर्ग में सोनिया महाविद्यालय चैंपियन बनीं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हरिद्वार में आयोजित होने वाली अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गाड़ीघाट में आयोजित समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हीरा सिंह डुंगरियाल की सराहना की।
दो दिवसीय क्रीड़ा समारोह में कुल 15 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। 100 मीटर दौड़ के छात्र वर्ग में दीपांशु, अतुल रावत, अखिल रावत ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में सोनिया, आशि, साक्षी क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं।
भाला फेंक प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में भावना, आवर्ती, काजल थापा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में हर्ष कुमार प्रथम, सुनील साहनी द्वितीय और कपिल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में प्रो. निरंजन शर्मा, प्रो. एससी नौटियाल, प्रो. आशा देवी, प्रो. प्रीति रानी, प्रो. ज्योति खरे, प्रो. इंदु तिवारी, डॉ. आरपी द्विवेदी, डॉ. अरविंद अवस्थी, डॉ. दीपक कुमार पांडे मौजूद रहे।