वर्ष 2005-06 में स्वीकृत घराट-मुंडला मोटर मार्ग का दस साल बाद भी निर्माण शुरू न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार से तहसील मुख्यालय में डेरा डाल दिया है।
ग्रामीणों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अब वे सड़क पर काम शुरू होने के बाद ही आंदोलन खत्म करेंगे। मंगलवार को ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया है। कहा कि घराट-मुंडला मार्ग से जुड़े गांवों के लोग हर रोज तहसील में धरना देकर प्रदर्शन करेंगे।
स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति के बैनर तले मंगलवार को धरना-प्रदर्शन करने वालों में समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, गजे सिंह रावत, गोपालकृष्ण बड़थ्वाल, त्रिलोक सिंह नेगी, राज्य आंदोलनकारी नंदन सिंह रावत, चंद्र सिंह, महेंद्र सिंह नेगी, अन्नपूर्णा जोशी, हेमंती रावत और नीलम रावत आदि शामिल थे।
वक्ताओं ने कहा कि घाड़ क्षेत्र को सड़क सुविधा प्रदान करने के लिए घराट-मुंडला मोटर मार्ग के लिए एनडी तिवारी सरकार के समय मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन अब तक की सरकारें इस ओर आंखें मूंदे बैठी हैं।
उधर, लोक विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेेगी ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए उनकी स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से बात हुई थी।
उन्होंने इस समय मुख्यमंत्री के दिल्ली में होने की बात कही। कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने पर उनकी वार्ता करा दी जाएगी।